लंदन, 01 अगस्त (वार्ता) मेट्रो वनडे कप में तीन अलग-अलग मुकाबलों में शुक्रवार को भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। डरहम के ख़िलाफ़ यॉर्कशायर की जीत में कुलदीप यादव ने दो अहम विकेट हासिल किए। जबकि आशुतोष शर्मा ने हैम्पशायर के लिए एसेक्स के ख़िलाफ़ पंजा निकालते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ी प्रदर्शन किया। वहीं युज़वेंद्र चहल ने लेस्टरशायर के ख़िलाफ़ नॉर्थेम्पटनशायर के लिए किफ़ायती गेंदबाज़ी करते हुए 28 रन देकर एक विकेट हासिल किया। डरहम की ख़राब बल्लेबाज़ी और अपनी शानदार गेंदबाज़ी के कारण यॉर्कशायर ने यॉर्क में डरहम के ख़िलाफ़ खेले गए वनडे कप के मुक़ाबले में सात विकेट से जीत हासिल की। इस मुक़ाबले में भारतीय स्पिनर कुलदीप ने दो अहम विकेट हासिल किए जिसमें इंग्लैंड के बेन स्टोक्स का विकेट भी शामिल था। कुलदीप ने स्टोक्स के अलावा कॉलिन ऐकरमैन का विकेट भी हासिल किया। यॉर्कशायर ने डरहम को मात्र 165 के कुल स्कोर पर 49 ओवर के भीतर ही ऑल आउट कर दिया। इसके बाद यॉर्कशायर ने दो शुरुआती झटके झेलने के बावजूद लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।
आशुतोष ने एसेक्स के ख़िलाफ़ 51 रन देकर पांच विकेट झटके जो उनके लिस्ट ए करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। आशुतोष ने 10 ओवर के स्पेल में दो बार एक ही ओवर में दो विकेट झटके। आशुतोष ने पहले कप्तान टॉम वेस्ली और चार्ली एलिसन को 19वें ओवर की दूसरी और पांचवीं गेंद पर आउट किया। इसके बाद आशुतोष का तीसरा विकेट साइमन फ़र्नांडीज़ के तौर पर 47वें ओवर में आया और फिर अपने 10वें ओवर की आख़िरी दो गेंदों पर विकेट लेते हुए एसेक्स को 49 ओवर में 317 रनों पर रोक दिया। हैम्पशायर ने 48वें ओवर में तीन विकेट से मुक़ाबला अपने नाम कर लिया। हालांकि बल्ले से आशुतोष कुछ ख़ास नहीं कर पाए और 16 रन बनाकर ही आउट हो गए। लेकिन गेंद से उनका अद्भुत प्रदर्शन जारी है, पिछले चार मैचों में आशुतोष ने 13 विकेट झटके हैं जिसमें एक पंजा और एक चार विकेट शिकार शामिल है। एक और मैच में भारतीय लेग स्पिनर चहल का लेस्टरशायर के ख़िलाफ़ प्रदर्शन प्रभावशाली रहा, हालांकि वह अपनी टीम नॉर्थंप्टनशायर को जीत नहीं दिला पाए। चहल ने 10 ओवर में एक मेडन के साथ 28 रन देकर एक विकेट हासिल किया। चहल अब तक वनडे कप के चार मैचों में छह विकेट झटक चुके हैं।

