भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने सागर की बेटी यामिनी मौर्य की उपलब्धि की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने अनुशासन और अथक परिश्रम से साबित कर दिया है कि मध्यप्रदेश की बेटियां भी देश-दुनिया में अपना परचम लहराने में किसी से पीछे नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की 57 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली यामिनी मौर्य ने वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में भारत के लिए इतिहास रचने के बाद एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि यामिनी की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। सीएम ने यामिनी के कोच दीपक कुमार और सभी प्रशिक्षकों को भी इस सफलता के लिए बधाई देते हुए उनके समर्पण की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में नीरज चोपड़ा के रजत और यश वीर सिंह के कांस्य पदक जीतने पर भी खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों का अथक परिश्रम, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा है तथा पूरे देश को उनकी उपलब्धि पर गर्व है। सीएम ने दोनों खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
