मक्सी :मक्सी में साप्ताहिक हाट बाजार के दिन यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हाट बाजार की भीड़ और बारिश के दौरान चल रहे मक्सी में फोरलेन निर्माण कार्य के कारण शनिवार सुबह पुराने ए.बी.रोड पर लंबा जाम लग गया, जिससे स्कूली बच्चों सहित आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति ऐसी रही कि कई स्कूल बसें लगभग आधे घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसी रहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 9:15 बजे गणपत बड़े गेट के सामने से लेकर पशु बाजार क्षेत्र से भी आगे तक वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। जाम के कारण स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों को बसों में लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। फेम गुरुकुल अकादमी, एकलव्य एजुकेशन अकादमी ,यूनिवर्सल अकादमी एवं ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न स्कूलों की बसें जाम में फंसी रहीं।
आमजन का कहना है कि हाट बाजार के दिन पहले से ही क्षेत्र में भारी भीड़ रहती है, वहीं दूसरी ओर बारिश के मौसम में चल रहे सड़क एवं नाला निर्माण कार्यों ने यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावित कर दिया है। लोगों का आरोप है कि जाम के दौरान मौके पर ट्रैफिक संचालन के लिए पर्याप्त यातायात व्यवस्था दिखाई नहीं दी, जिससे हालात और बिगड़ गए।
