सिंगरौली: मोरवा थाना क्षेत्र में अय्यप्पा मंदिर के पास खड़ी एक कार के अंदर 29 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सत्य प्रकाश गुप्ता उर्फ लड्डू के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर होगा। जांच के दौरान एक संदिग्ध महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
