बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आलीराजपुर में उमड़ा जनसैलाब, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प

आलीराजपुर। बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह जिला मुख्यालय के खेल परिसर में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। सुबह 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया।

 

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही, जिसके अनुरूप पूरे आयोजन में योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के महत्व का संदेश दिया गया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्री नागर सिंह चौहान रहे। इस अवसर पर सांसद श्रीमती अनीता चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरी बाई खरत, कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह भदौरिया, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती संघमित्रा गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के कोलकाता से दिए गए योग दिवस संबोधन का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री का संदेश ध्यानपूर्वक सुना और उसके बाद प्रशिक्षकों के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास किया।

 

योग सत्र में अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम, स्कंदासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए। प्रशिक्षकों ने योग के नियमित अभ्यास से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी देते हुए नागरिकों से इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

 

जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के सभी विकासखंडों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी निभाई। जिला प्रशासन, आयुष विभाग एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ ली तथा राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ आयोजन का गरिमापूर्ण समापन हुआ।

Next Post

हटा उपजेल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हुआ योगाभ्यास

Sun Jun 21 , 2026
हटा/दमोह। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हटा उपजेल में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश श्री सिराज अली, न्यायाधीश श्री राम सिंह बघेल, प्रथम श्रेणी न्यायाधीश साजिद एवं जेल अधीक्षक नागेन्द्र सिंह उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बंदियों के साथ योगाभ्यास किया और योग के महत्व […]

You May Like