सतना: लोकमान्य तिलक टर्मिनस से वाराणसी जा रही कामायनी एक्सप्रेस 11071 में गुरुवार को एक यात्री की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। ट्रेन के सतना स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी ने शव को उतारकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया।जीआरपी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रंजन यादव के रूप में हुई।
वह बुधवार को मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस से कामायनी एक्सप्रेस की एस-8 बोगी में 12 नंबर बर्थ पर सवार होकर बनारस जा रहे थे। गुरुवार दोपहर कटनी और मैहर स्टेशन के बीच उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। सहयात्रियों ने घटना की जानकारी जीआरपी को दी।
इसी दौरान मृतक के मोबाइल पर उनके भाई का फोन आया, जिसे एक सहयात्री ने रिसीव कर घटना की सूचना दी। जीआरपी ने भी बनारस में रहने वाले परिजनों को जानकारी दे दी है। परिजनों के सतना पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।
