
भोपाल। ईरानी डेरा गिरोह के सरगना काला ईरानी के बेटे साहिब अली के खिलाफ निशातपुरा पुलिस ने गुरुवार को दुष्कर्म का केस दर्ज किया. आरोप है कि 20 वर्षीय युवती के साथ बंदूक की नोक पर साहिब ने दुष्कर्म किया. इसके बाद आरोपी लगातार युवती को ब्लैकमेल करता रहा. आरोपी मौके से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है.
जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने थाने में आरोपी साहिब अली के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि साहिब अली से जान-पहचान पहले से थी. बीते अप्रैल महीने में आरोपी उसे ईरानी डेरा स्थित अपने मकान में लेकर गया. वहां आरोपी ने बंदूक की नोक पर पीड़िता से दुष्कर्म किया. इसके बाद भी आरोपी साहिब लगातार पीड़िता को ब्लैकमेल करता रहा. आरोपी के दबाव में परेशान चल रही पीड़िता ने निशातपुरा थाने पुहंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है. आरोपी साहिब फिलहाल फरार चल रहा है. उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी है. पीड़िता को यह साहस हाल ही में पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी के पिता की गिरफ्तारी के बाद हुआ. पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया. बताया जा रहा है कि काला ईरानी के चार बेटों में आरोपी साहिब अली उसका तीसरे नंबर का बेटा है. मामले की जांच भी की जा रही है.
