
सिंगरौली। माड़ा थाना अंतर्गत बंधौरा चौकी पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल पचौर भेज दिया। यह कार्रवाई एसपी सियाज केएम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माड़ा शिवपूजन मिश्रा एवं चौकी प्रभारी बंधौरा उप निरीक्षक संदीप नामदेव के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
पुलिस के अनुसार 7 जून को रमाकर शाह उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम कर्सुआराजा कनपुरा टोला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रामनरेश शाह, रविंद्र शाह, राममिलन शाह और रामजनम शाह ने लाठी-डंडों से हमला कर मारपीट की। हमले में जगसेन शाह को गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर विवेचना के दौरान भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 सहित अन्य धाराएं बढ़ाई गईं। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार थे। पुलिस ने 29 जुलाई को दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठियां बरामद कर जब्त कीं। 30 जुलाई को सभी आरोपियों को बैढ़न न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पचौर भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में उनि संदीप नामदेव, सउनि राजवर्धन सिंह परिहार, पंकज सिंह चंदेल, प्रआर राकेश विश्वकर्मा, आर मनीष शुक्ला, अनीश सिंह, दिलीप धाकड़ एवं शिवेंद्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
