नयी दिल्ली, 30 जुलाई (वार्ता) देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत वैश्विक पहल “इन्क्रेडिबल इंडिया बाय इंडिगो” की शुरुआत की है। परिचालन के 20 साल पूरे होने के अवसर पर इंडिगो ने यह पहल शुरू की है। इस मौके पर एयरलाइंस ने एक विशेष फिल्म भी जारी की है, जो देश की भावना, विविध अनुभवों और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों को दर्शाती है। यह फिल्म दुनिया भर से आने वाले यात्रियों के स्वागत के लिए देश की तैयारियों और उसके आतिथ्य भाव को प्रदर्शित करती है।
इंडिगो की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस पहल का उद्देश्य देश की विविधता, समृद्ध विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और अनूठे यात्रा अनुभवों को दुनिया भर के यात्रियों के सामने प्रस्तुत कर देश में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देना है। इंडिगो के मुख्य डिजिटल एवं सूचना अधिकारी नीतन चोपड़ा ने कहा, “इंडिगो में हमारा मानना है कि देश की कहानी केवल उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रतिष्ठित पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं है। ‘इन्क्रेडिबल इंडिया बाय इंडिगो’ के माध्यम से हमें पर्यटन मंत्रालय के साथ साझेदारी कर ऐसे भारत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने पर गर्व है, जहां परंपरा और नवाचार, इतिहास और प्रगति का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।
जैसे-जैसे भारत उद्यमिता, प्रौद्योगिकी और रचनात्मकता का वैश्विक केंद्र बनता जा रहा है, यह पहल यात्रियों को उन विचारों, प्रतिभाओं और अवसरों से परिचित करायेगी जो देश की विकास यात्रा को गति दे रहे हैं। हमारा उद्देश्य दुनिया भर के यात्रियों को न केवल देश की अद्वितीय विरासत, बल्कि उसकी असीम संभावनाओं की खोज के लिए भी प्रेरित करना है।” इस साझेदारी के तहत इंडिगो और पर्यटन मंत्रालय मिलकर विभिन्न पर्यटन स्थलों पर केंद्रित कंटेंट और प्रचार सामग्री तैयार करेंगे तथा उन्हें ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रसारित करेंगे, ताकि देश में पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। इसके अलावा, इंडिगो अपने इन-फ्लाइट और डिजिटल ग्राहक संपर्क माध्यमों का उपयोग करते हुए अधिक से अधिक यात्रियों को भारत घूमने के लिए प्रेरित करेगा और देश में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में सहयोग करेगा।

