बुजुर्ग दंपति पर हमला, पत्नी की मौत, पति गंभीर

जबलपुर: खितौला पुलिस थाना अंतर्गत हिरन नदी घाट के पास बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात अज्ञात हमलावर ने बुजुर्ग दंपती पर भारी पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हत्या किसने और किन कारणों से की है इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है सूचना पर पुलिस मौका-ए-वारदात पर पहुंच छानबीन कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 18 स्थित हिरन नदी घाट के पास कृष्णा बाई बर्मन (60 वर्ष) अपने पति चम्मू बर्मन (65 वर्ष) के साथ एक झोपड़ी में रहती थीं। रोज की तरह दोनों रात में झोपड़ी में थे, तभी रात के सन्नाटे में अज्ञात व्यक्ति ने उन पर भारी पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गुरुवार सुबह जब आसपास के लोगों ने देखा तो झोपड़ी के पास कृष्णा बाई का लहूलुहान शव पड़ा था और चम्मू बर्मन गंभीर हालत में तड़प रहा था।

घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही खितौला पुलिस सुबह करीब 9:30 बजे मौके पर पहुँची। पुलिस ने तुरंत महिला के शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग चम्मू बर्मन को प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में बेहतर इलाज के लिए तत्काल जबलपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के तहत पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। इसके साथ ही आस-पास के रहवासियों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के कारणों और हमलावर की पहचान की जा सके।

Next Post

बेलहवा नदी पर फिर बना बांस का पुल, वर्षों बाद भी स्थायी पुल का इंतजार

Thu Jul 30 , 2026
सिंगरौली: चितरंगी विधानसभा क्षेत्र में बेलहवा नदी पर एक बार फिर ग्रामीणों ने जनसहयोग से बांस का अस्थायी पुल बनाकर आवागमन बहाल किया है। हर वर्ष बरसात के मौसम में नदी उफान पर आने से क्षेत्र का संपर्क टूट जाता है, जिसके चलते स्थानीय लोग अपनी मेहनत से अस्थायी पुल […]

You May Like