इंदौर: भंवरकुआं थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है. शातिर ठग ने एक व्यक्ति के दोस्त का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर खुद को परेशानी में बताकर 30 हजार रुपए ठग लिए. ठगी का खुलासा तब हुआ, जब असली दोस्त ने फोन कर अपना व्हाट्सएप हैक होने की जानकारी दी.फरियादी अशोक पिता घनश्याम दास मोदानी को उनके दोस्त के व्हाट्सएप नंबर से अर्जेंट 30 हजार रुपए की मदद मांगने का मैसेज मिला.
सहमति देने पर आरोपी ने अनीश कुमार के नाम से पंजीकृत यूपीआई आईडी का क्यूआर कोड भेजा. फरियादी ने क्यूआर स्कैन कर 30 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए. बाद में दोस्त से बात होने पर पता चला कि उसका व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया था. शिकायत पर भंवरकुआं थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर यूपीआई आईडी और ट्रांजैक्शन के आधार पर साइबर ठग की तलाश शुरू कर दी है.
