मुख्यमंत्री ने लिया एमपी ग्रोथ समिट की तैयारियों का जायजा

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर के मेला मैदान पहुँचकर “अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट-2025” की तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष को उद्योग एवं रोजगार वर्ष के रूप में मनाया है। अटलजी को विनम्र आदरांजलि स्वरूप केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में “अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट” के रूप में अद्भुत आयोजन होने जा रहा है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को समिट को पूरी भव्यता के साथ आयोजित करने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश भाजपा प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद भारत सिंह कुशवाह, पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया तथा भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं प्रमुख सचिव उद्योग राघवेन्द्र सिंह, संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना, कलेक्टर रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में ग्वालियर में 25 दिसम्बर को आयोजित होने जा रही समिट में लगभग 2 लाख करोड़ से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि पूजन किए जाएंगे। इस आयोजन में 25 हजार लाभार्थियों एवं हजारों उद्यमी एवं निवेशक भाग लेंगे। उन्होंने कहा प्रदेश के लिए प्रसन्नता और गर्व का विषय है कि अमित शाह ग्वालियर के आयोजन में पधार रहे हैं। यह आयोजन प्रदेश सरकार के संकल्प को आगे बढ़ने वाला सिद्ध होगा। केन्द्रीय गृहमंत्री शाह विभिन्न योजनों के हितग्राहियों, बेरोजगार युवाओं और निवेशकों को अनेक सौगातें भी प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने और भारत को विश्व की तीसरी सबसे सशक्त अर्थव्यवस्था बनाने के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश आगमन के लिये शाह के प्रति आभार जताया है।

Next Post

जीएसटी परिषद से 'एयर प्यूरीफायर' पर जीएसटी कम करने पर विचार करने का अदालत का निर्देश

Wed Dec 24 , 2025
नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (वार्ता) राजधानी में हवा की बिगड़ती गुणवत्ता के बीच दिल्ली उच्च न्यायालय ने आज निर्देश दिया कि “एयर प्यूरीफायर’ पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) को कम करने या तर्कसंगत बनाने के मुद्दे को जल्द से जल्द विचार के लिए जीएसटी परिषद के समक्ष रखा जाए। […]

You May Like