भजनलाल ने गोवर्धन परिक्रमा क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का किया अवलोकन

भरतपुर, 29 जुलाई (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को गोवर्धन परिक्रमा क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का अवलोकन किया और संरक्षण एवं सौंदर्यकरण के निर्देश दिये। श्री शर्मा ने सुबह को गोवर्धन परिक्रमा क्षेत्र के जतीपुरा स्थित वन बिहारीजी मंदिर में भी दर्शन किये। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में बैठक एवं अष्ट द्वार के साथ ही ऐतिहासिक ऐरावत कुंड का अवलोकन भी किया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को मंदिर परिसर, बैठक स्थल और ऐरावत कुंड के जीर्णाद्धार, सौंदर्यकरण एवं समुचित संरक्षण को लेकर दिशा-निर्देश दिये। इससे पहले उन्होंने श्रीनाथजी मंदिर में सपत्नीक मंगला दर्शन किए तथा प्रदेश की निरंतर प्रगति और प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

उन्होंने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर डीग के पूंछरी में संत-महंतों एवं गुरुओं का सम्मान-अभिनंदन किया। उन्होंने श्रीनाथजी मंदिर परिसर में आयोजित गुरु वंदन कार्यक्रम में संत-महंतों को श्रद्धापूर्वक शॉल-दुपट्टा ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सपत्नीक भगवान श्रीनाथजी एवं परिक्रमा मार्ग पर स्थित मुकुट मुखारविंद का पंचामृत से अभिषेक किया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की तथा देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण के लिए कामना की।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रतिवर्ष गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूंछरी का लौठा पहुंचकर गुरुओं एवं संत-महात्माओं का वंदन-पूजन करते हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए गुरुओं का अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने संतों एवं श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी भी परोसी। मुख्यमंत्री भरतपुर के सेवर में लुधावई स्थित बड़ा हनुमान मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर के महंत स्व. श्री रामदास जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धापूर्वक गुरु वंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संत-महात्माओं का सम्मान किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने बड़ा हनुमान मंदिर परिसर के समीप जनसुनवाई की तथा अधिकारियों को आमजन की परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये।
इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम एवं विधायक डॉ. शैलेश सिंह एवं जगत सिंह भी मौजूद थे।

.....

Next Post

गांव गोद लेकर उन्हें नशामुक्त किये जाने की हो विशेष पहल: बागडे

Wed Jul 29 , 2026
जयपुर, 29 जुलाई (वार्ता) राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत राजस्थान में व्यापक अभियान चलाने और विश्वविद्यालयों द्वारा गोद लिये गांवों को नशा मुक्त किये जाने के लिए प्रभावी प्रयास किये जाने के निर्देश दिये हैं। श्री बागडे ने इस संबंध में बुधवार […]

You May Like