गांव गोद लेकर उन्हें नशामुक्त किये जाने की हो विशेष पहल: बागडे

जयपुर, 29 जुलाई (वार्ता) राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत राजस्थान में व्यापक अभियान चलाने और विश्वविद्यालयों द्वारा गोद लिये गांवों को नशा मुक्त किये जाने के लिए प्रभावी प्रयास किये जाने के निर्देश दिये हैं। श्री बागडे ने इस संबंध में बुधवार को प्रदेश के विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं से लोकभवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया। इस दौरान उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव कुलदीप रांका भी मौजूद थे। विश्वविद्यालयों के कुलगुरुओं से संवाद करते हुए राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों के आस पास मादक पदार्थ बेचने वाले लोगों की पहचान की जाये। मादक पदार्थों की बिक्री और युवाओं को नशे की लत लगाने में लिप्त लोगों की पहचान के साथ ही ऐसे लोगों को पकड़वाने के लिए विशेष अभियान चलाये जायें।

उन्होंने विश्वविद्यालयों द्वारा गांव गोद लेकर उनके विकास के लिये किये जाने वाले कार्यों में ‘नशामुक्त गांव’ की सोच भी सम्मिलित किये जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांवों में जाकर वहां के प्रतिष्ठित लोगों से संवाद कर नशा करने वाले और नशीले पदार्थों को उपलब्ध कराने वालों पर नजर रखते हुए पुलिस विभाग के सहयोग से इस संबंध में प्रभावी कार्यवाही की जाये। राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नशा मुक्त भारत के लिए देशवासियों को संबोधित किये जाने की चर्चा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों द्वारा ‘माई भारत पोर्टल’ पर पहुंचकर अधिक से अधिक पंजीकरण को प्रोत्साहित किया जाये। उन्होंने कहा कि ‘नशामुक्त भारत अभियान’ को ‘माय भारत पोर्टल’ से क्रियान्वित किये जाने का सौ सप्ताह का कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसमें जन जागरूकता के लिए रैलियां, कार्यशालाएं, प्रचार अभियान चलाये जाएंगे। उन्होंने विश्वविद्यालय स्तर पर नशा मुक्त भारत के लिए प्रभावी गतिविधियों का क्रियान्वयन किये जाने के लिए निर्देश दिये।

.....

Next Post

अतिक्रमण पर चला नगर निगम का बुलडोजर, आम रास्ते में बनी अवैध दीवार ढहाई

Wed Jul 29 , 2026
ग्वालियर । नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार कार्रवाई की जा रही है। भवन अधिकारी यशवंत मैकले ने बताया कि नगर निगमायुक्त संघ प्रिय के निर्देशानुसार क्षेत्रीय कार्यालय 10, वार्ड 21 के अंतर्गत गोले के मंदिर […]

You May Like