भोपाल, 25 फरवरी (वार्ता) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि मध्यप्रदेश अनंत संभावनाओं का प्रदेश है और निवेशक यहां विभिन्न क्षेत्रों में अवश्य निवेश करें।
श्री चौहान राजधानी भोपाल में आयोजित वैश्विक निवेशक सम्मेलन (जीआईएस) के दूसरे दिन खाद्य प्रसंस्करण और उद्यानिकी में निवेश की संभावनाओं से जुड़े सत्र में शामिल हुए और उद्योगपतियों से चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश जल संपदा, वन संपदा और खनिज संपदा से भरपूर है। ये अनंत संभावनाओं का प्रदेश है। मध्यप्रदेश का बासमती चावल अमेरिका और कनाडा में भी धूम मचा रहा है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में निवेशकों का पसंदीदा स्थल बन कर उभर रहा है और इसी का परिणाम है कि राज्य के हर क्षेत्र में बड़ी संख्या में निवेश हो रहा है। उन्होंने उद्योगपतियों से आग्रह किया कि वे राज्य में खास तौर पर कृषि क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा निवेश करें।
श्री चौहान ने कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान प्राण। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री के रूप में उनके मन मे यही विचार रहता है कि, किसानों की वास्तविक समस्याओं को समझें और समाधान करें।
श्री चौहान ने जीआईएस के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और उनकी संपूर्ण टीम को बधाई भी दी।
