
भोपाल, 13 जनवरी (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा
कि दो तीन दिनों में पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा हो जाएगी।
खजुराहो सांसद श्री शर्मा ने यहां पत्रकार वार्ता में कहा कि दो जिलों के अध्यक्षों की घोषणा कल हो चुकी है। कुछ जिलों के लिए घोषणा आज हो जाएगी और शेष रहे जिलों के अध्यक्षों के नाम दो तीन दिनों में घोषित कर दिए जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘प्रदेश संगठन पर्व’ कार्यकर्ताओं ने राज्य भर में उत्साह और उमंग के साथ ऐतिहासिक बनाकर मनाया। यह संगठन पूर्व संवाद और समन्वय के साथ पार्टी की पद्धति के अनुरूप पूरा होने को है।
श्री शर्मा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि राज्य की मोहन यादव सरकार ने धार्मिक नगरों में शराबबंदी की ओर कदम बढ़ाया है और यह स्वागतयोग्य है।
एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कांग्रेस ने सदैव तुष्टिकरण का समर्थन और हिंदुत्व का विरोध किया है। उन्होंने यह भी कहा कि महात्मा गांधी और बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ने ही किया है। कांग्रेस सिर्फ दोनों महात्माओं के नाम का उपयोग करती हैं।