सिंगरौली :नपानि उपायुक्त आरपी बैस एवं द्वारा वार्ड प्रभारियों एवं संबंधित कर्मचारियों की बैठक लेकर राजस्व वसूली तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में उपायुक्त आरपी बैस द्वारा राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए वार्डवार बड़े बकायेदारों की जानकारी ली गई। उन्होंने निर्देशित किया कि बड़े बकायेदारों से राजस्व वसूली के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिन बकायेदारों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, उनकी नोटिस तामीली की पावती भी व्यवस्थित रूप से संधारित रखने के निर्देश दिए गए।
आगामी लोक अदालत को दृष्टिगत रखते हुए श्री बैस ने सभी वार्ड प्रभारियों को निर्देश दिए कि बड़े बकायेदारों की सूची तैयार रखें व संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई समय-सीमा में पूर्ण करें। लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक राजस्व प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। वहीं सहायक आयुक्त ज्योति सिंह द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। न्यू डीपीआर तैयार किए जाने के लिए किए जा रहे सर्वे कार्य की वार्डवार जानकारी लेते हुए उन्होंने सर्वे रिपोर्ट को गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान हितग्राहियों की पात्रता एवं आवश्यक जानकारी का उचित सत्यापन किया जाए। बैठक में सहायक आयुक्त एचएम श्रीवास्तव सहित सभी वार्ड प्रभारी मौजूद रहे।
