लापता युवक का शव 17 घंटे बाद बरामद

सतना : जिले के चित्रकूट क्षेत्र में उप्र-मप्र की सीमा पर स्थित शबरी जलप्रपात के कुण्ड में मंगलवार को एक युवक लापता हो गया था. जिसकी तलाश की जा रही थी. वहीं कुण्ड में डूबने के 17 घंटे बाद बुधवार को युवक का शव बरामद कर लिया गया.प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के जैतवारा क्षेत्र के किटहा गांव का निवासी 25 वर्षीय युवक सुनील कोरी अपने मित्रों के साथ मंगलवार को चित्रकूट क्षेत्र में स्थित शबरी जलप्रपात में घूमने के लिए गया था.

बताया गया कि जलप्रपात के निकट पहुंचकर सेल्फी लेने के दौरान सुनील का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते वह कुण्ड के गहरे पानी में जा गिरा. इससे पहले कि आस पास मौजूद लोग उसकी मदद कर पाते वह पानी में लापता हो गया. घटना की जानकारी मिलने पर उप्र और मप्र की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर तलाशी अभियान शुरु कराया.

इसके साथ ही वन अमला भी मौके पर मुस्तैद रहा. लेकिन मंगलवार को अंधेरा हो जाने के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ गया. वहीं बुधवार की सुबह से एक बार फिर तलाशी अभियान शुरु किया गया. जिसके चलते घटना के 17 घंटे बाद पानी में डूबे सुनील का शव बरामद कर लिया गया. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस द्वारा घटना के संबंध में जांच की जा रही है.

Next Post

गुणवत्ता से समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : आयुक्त

Thu Aug 13 , 2026
सतना: शहर की सड़कों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम सतना द्वारा सड़क मरम्मत कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में आयुक्त शैलेन्द्र सिंह ने वीर सावरकर चौक से कृष्ण नगर मार्ग तक संचालित सड़क मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर […]

You May Like

मनोरंजन