नयी दिल्ली, 10 नवंबर (वार्ता) राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 6.642 किलोग्राम नशीले पदार्थ जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि विशेष खुफिया सूचना के आधार पर डीआरआई के अधिकारियों ने पांच नवंबर 2026 को दिल्ली से भोपाल जा रही बस में नशीले पदार्थ तस्कर को रोका। यात्री के सामान की तलाशी के दौरान अधिकारियों ने उसके बैग में छिपाकर रखे गए चमकीले चांदी के रंग के तीन प्लास्टिक पैकेट बरामद किये। इनमें सफेद रंग का क्रिस्टल जैसा पदार्थ था, जिसका कुल वजन 6.642 किलोग्राम था। बरामद पदार्थ की एनडीपीएस क्षेत्रीय जांच किट से जांच की गई, जिसमें एम्फेटामाइन की मौजूदगी की पुष्टि हुई। एम्फेटामाइन एक मनःप्रभावी पदार्थ है, जिस पर स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 के तहत नियंत्रण है।
डीआरआई ने अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत एम्फेटामाइन जब्त कर लिया और आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार व्यक्ति बेंगलुरु पुलिस द्वारा दर्ज एनडीपीएस के एक अन्य मामले में पहले से ही जमानत पर बाहर था। इससे नशीले पदार्थों की तस्करी की गतिविधियों में उसकी कथित संलिप्तता बार-बार सामने आने का संकेत मिलता है। डीआरआई ने कहा कि वह खुफिया सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई और अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।

