महिला अत्याचार से जुड़े सवालों से बचती है भाजपा सरकार : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 11 मार्च (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार बेटियों को सुरक्षा देने की सिर्फ बात ही करती है जबकि सच्चाई यह है कि यह पार्टी दुष्कर्म की घटनाओं में संलिप्त अपने लोगों को बचाने का काम करती है।
महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लाम्बा ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचारों से जुड़े सवालों पर सरकार हमेशा बचने का प्रयास करती है और वह अपने लोगों पर लगे दाग साफ करने का प्रयास करती है। उन्होंने आस्ट्रेलिया में रहने वाले और दुष्कर्म के आरोप में पकड़े गये एक व्यक्ति का नाम लिया और कहा कि उनकी श्री मोदी के साथ कई तस्वीरें हैं।
उन्होंने कहा, “हम श्री मोदी से सवाल पूछते हैं कि उनकी जितनी तस्वीरें उस व्यक्ति के साथ हैं। क्या उतनी ही तस्वीरें न्याय की गुहार लगा रही महिलाओं के साथ हैं। उनके पास जंगल सफारी पर जाने का समय है, लेकिन उनके पास मणिपुर जाने का समय नहीं है। देश में संसद सत्र चल रहा है, लेकिन श्री मोदी मॉरीशस घूमने निकल गए हैं। बालेश धनखड़ के मामले पर भाजपा को जवाब देना होगा। यह कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि ऐसे अनेक मामले हैं।”
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “मास रेपिस्ट प्रज्वल रेवन्ना जेल की सलाखों के पीछे है, क्योंकि कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार है। भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण पर दिल्ली पुलिस कार्रवाई नहीं कर पा रही है, क्योंकि भाजपा उस पर दबाव बना रही है। गुजरात में भाजपा का एक मंत्री दलित महिला के साथ दुष्कर्म करता है, लेकिन उस पर एक्शन नहीं हुआ। आखिर में उच्च न्यायालय के आदेश के बाद उस पर प्राथमिकी होती है। गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक की बेटियां-महिलाएं श्री मोदी से न्याय मांग रही है लेकिन वह चुप हैं।”
उन्होंने दावा कि श्री मोदी की यात्राओं को ऑस्ट्रेलिया में बालेश धनखड़ आयोजित करता रहा। इसका मतलब है कि श्री मोदी बालेश धनखड़ के बारे में सब जानते थे, फिर भी खामोश हैं। यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के जिन मामलों में भाजपा नेताओं की संलिप्ता के आरोप लगते है भाजपा के लोग उनको बचाते रहते हैं।

Next Post

आयुर्वेद की मदद से करें पीसीओडी का इलाज

Tue Mar 11 , 2025
आयुर्वेद की मदद से करें पीसीओडी का इलाज हार्मोन में असंतुलन के कारण महिलाओं को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पीसीओडी उन्हीं कई समस्याएं में से एक है। पीसीओडी या पॉलिसिस्टिक ओवरी डिसऑर्डर वह स्थिति है, जिसमें महिलाओं के शरीर में पुरुष हार्मोन यानी एण्ड्रोजन का स्तर बढ […]

You May Like