
सिंगरौली । सदर विधायक रामनिवास शाह ने शुक्रवार को अपना 56वां जन्मदिवस धार्मिक आस्था, जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया।
दिन की शुरुआत माजन मोड़ स्थित गायत्री मंदिर परिसर में पत्नी सीता शाह के साथ यज्ञशाला में पहुुंच हवन-पूजन किये। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उन्हें जन्मदिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, पवन कुमार शाह सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके बाद विधायक ग्राम पंचायत बसौड़ा पहुंचे, जहां आंगनवाड़ी केन्द्र भवन एवं पंचायत भवन सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन किए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया और ग्रामीणों के साथ सहभोज में शामिल हुए। इस अवसर पर महिलाओं एवं ग्रामीणों को उपहार भी वितरित किए गए। बैढ़न के समीप कचनी स्थित शगुन गार्डन में आयोजित विशाल भंडारे में शामिल होकर विधायक रामनिवास शाह ने कहा जन्मदिन, विवाह या किसी भी शुभ अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। यही प्रकृति के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धा और आने वाली पीढ़ि़यों के प्रति सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने लोगों से पौधरोपण के साथ उसकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
