आईपीएस प्रशिक्षु अधिकारियों को डीजीपी ने दिए ईमानदारी और निष्पक्षता के मंत्र

भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने बुधवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि वे अपने पूरे सेवा जीवन में ईमानदारी, निष्पक्षता और जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा आधुनिक तकनीक को प्रभावी पुलिसिंग का माध्यम बनाएं। उन्होंने यह बात पुलिस मुख्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद से भारत दर्शन (स्टडी-कम-कल्चरल टूर) पर मध्यप्रदेश आए 21 प्रशिक्षु अधिकारियों से सौजन्य भेंट के दौरान कही।

प्रतिनिधिमंडल में उत्तर प्रदेश, बिहार, केरल, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, मेघालय और नागालैंड सहित विभिन्न राज्यों के 19 आईपीएस प्रोबेशनर तथा मॉरीशस और नेपाल के दो विदेशी पुलिस अधिकारी शामिल थे।

कैलाश मकवाणा ने अधिकारियों को आईपीएस में चयन के लिए बधाई देते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति आजीवन समर्पण का दायित्व है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग का महत्व लगातार बढ़ रहा है, लेकिन निष्पक्षता, संवेदनशीलता और नैतिक आचरण जैसे मूल्यों से कभी समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने आगाह किया कि एक अधिकारी की विश्वसनीयता वर्षों में बनती है, लेकिन एक गलत निर्णय उसे पल भर में धूमिल कर सकता है।

विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) रवि कुमार गुप्ता ने प्रशिक्षु अधिकारियों को मध्यप्रदेश पुलिस की परंपराओं, नवाचारों और प्रशिक्षण व्यवस्था से अवगत कराया। उन्होंने प्रदेश में दस्यु उन्मूलन, वामपंथी उग्रवाद पर प्रभावी नियंत्रण तथा सामुदायिक पुलिसिंग की उपलब्धियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर प्रशिक्षु अधिकारियों को पुलिस की जनजागरूकता पहल “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” और “सेफ क्लिक 2.0” पर प्रस्तुतीकरण भी दिखाया गया। इसके बाद नेतृत्व क्षमता, सामुदायिक पुलिसिंग और तकनीक आधारित अपराध नियंत्रण पर संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया।

Next Post

चारा काटने की भारी मशीन को हाथ से चलाती थीं हरजिंदर कौर

Wed Jul 29 , 2026
ग्लासगो, 29 जुलाई (वार्ता) हरजिंदर कौर ने राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन में महिलाओं की 69 किग्रा स्पर्धा में रजत पदक जीता। हरजिंदर कौर का जन्म 14 अक्टूबर 1996 को पंजाब के नाभा के पास मेहास गाँव में एक साधारण, बिना ज़मीन वाले किसान परिवार में हुआ था। एक कमरे के […]

You May Like