बीओसी ने नवपदोन्नत अधिकारियों का किया सम्मान

भोपाल। बीएचईएल ऑफिसर्स क्लब (बीओसी), भोपाल द्वारा हाल ही में कार्यपालक (एक्जीक्यूटिव) संवर्ग में पदोन्नत अधिकारियों के सम्मान में स्वागत एवं परिचय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवपदोन्नत अधिकारियों का स्वागत करने के साथ उन्हें क्लब की विभिन्न सुविधाओं से परिचित कराना तथा सांस्कृतिक, खेल, साहित्यिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब के अध्यक्ष एवं महाप्रबंधक रूपेश तेलंग ने सभी नवपदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि ऑफिसर्स क्लब अधिकारियों के बीच आपसी संवाद, सहयोग और सशक्त संगठनात्मक संस्कृति को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने सभी अधिकारियों से क्लब की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान नवपदोन्नत अधिकारियों का स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया तथा उन्हें क्लब की सदस्यता ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया गया। इस अवसर पर क्लब की सुविधाओं और वर्षभर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की भी जानकारी दी गई। विशेष पहल के तहत प्रत्येक नवपदोन्नत अधिकारी को एक माह की निःशुल्क सदस्यता प्रदान की गई, जिससे वे इस अवधि में क्लब की सभी गतिविधियों में बिना किसी शुल्क के भाग ले सकेंगे।

कार्यक्रम में क्लब के उपाध्यक्ष राजेश पारते सहित नवगठित कार्यकारिणी समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने नवपदोन्नत अधिकारियों को उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

Next Post

अनिमेष कुजूर 200 मी सेमीफ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई

Wed Jul 29 , 2026
ग्लासगो, 29 जुलाई (वार्ता) भारत के अनिमेष कुजूर ने अपनी हीट जीतकर और ओवरऑल स्टैंडिंग में सातवें स्थान पर रहकर राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों के 200 मी सेमीफ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई किया। भारतीय नेशनल रिकॉर्ड होल्डर ने सीज़न के बेस्ट 20.46 सेकंड के साथ अपनी हीट जीती और अब वह […]

You May Like