इंदौर:अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, कार और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। आरोपी हथियारों को शहर में सप्लाई करने की फिराक में थे।क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रीजनल पार्क रोड स्थित वृंदावन गार्डन के सामने एक कार में दो संदिग्ध अवैध हथियार लेकर बैठे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मारुति स्विफ्ट कार नंबर एमपी 09 एआर 3234 को रोका और उसमें सवार दोनों युवकों को पकड़ा।
तलाशी लेने पर कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी चार देशी पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने हथियारों के साथ कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब छह लाख रुपए बताई गई है।पकड़े गए आरोपियों की पहचान परसराम उर्फ परसिया (51) निवासी गुमास्ता नगर और सोहेल उर्फ बलबली (24) निवासी चंदन नगर के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर हथियारों के स्रोत और अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।अवैध हथियारों की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों से हथियारों के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
राजेश त्रिपाठी क्राइम ब्रांच
