सिंगरौली : जिले में चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत माड़ा थाना पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 किलो 545 ग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 98,175 रुपये मूल्य का गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त बिना नंबर की यमहा एफजेड 15 मोटरसाइकिल अनुमानित कीमत दो लाख रुपये जप्त की है। कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
यह कार्रवाई रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक सिंगरौली के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवपूजन मिश्रा के नेतृत्व में की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से गांजा लेकर सितूलखुर्द की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने हर्रहवा स्टॉप के आगे घुघुर नदी पुल के पास घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर एक युवक भाग निकला, जबकि दूसरे युवक अभिषेक प्रसाद शाह उम्र 20 वर्ष निवासी सितूलखुर्द, थाना माड़ा को मौके पर पकड़ लिया गया।
तलाशी लेने पर उसके बैग में प्लास्टिक की बोरी में रखा 6 किलो 545 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया जारी है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उक्त कार्रवाई में उनि अवधेश पटेल, प्रआर रामसुख यादव, गणेश रावत, संजीत कुमार, केडी कुशवाहा, बालचंद विश्वकर्मा तथा आर आबिद कुरैशी और आकाश सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
