भाजपा तीन माह चलाएगी ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘हर घर स्वदेशी’ अभियान

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती (25 सितंबर) से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती (25 दिसंबर) की जयंती तक ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘हर घर स्वदेशी’ अभियान चलाएगी।
भाजपा महासचिव अरूण सिंह ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा “आज हम सबके प्रेरणास्रोत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। आज से भाजपा ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘हर घर स्वदेशी’ अभियान देशभर में व्यापक रूप से शुरू करने जा रही है। यह अभियान आगामी 25 दिसंबर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती तक चलेगा।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है, और इसका रास्ता ‘आत्मनिर्भर भारत’ से होकर जाता है, जिसके मूल में स्वदेशी ही हैं।
भाजपा महासचिव ने कहा, “प्रधानमंत्री ने 140 करोड़ देशवासियों से आग्रह किया है कि आप जो भी खरीदें, वह भारत में बनी हो और जिसमें हमारे देशवासियों का पसीना शामिल हो।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से देशभर में व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि जन-जन को ‘स्वदेशी अभियान’ से जोड़कर इसे एक राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन बनाया जा सके।
श्री सिंह ने कहा, “श्री मोदी के नेतृत्व में भारत का निर्यात और अर्थव्यवस्था का आकार बढ़ा है। उनके नेतृत्व में आधारभूत ढांचे में अभूतपूर्व विकास और बढ़ोतरी हुई है। इसका कारण हमारी सरल और पारदर्शी नीतियां है, जिससे देश में व्यापार और उद्योगों को बल मिला है। इस समय देश में 1.59 लाख स्टार्टअप काम कर रहे हैं। सरकार की कल्याणकारी और युवाओं को मदद के लिए जारी मुद्रा योजना का अभी तक पांच करोड़ लोगों को लाभ मिल चुका है।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वदेशी का अर्थ देश में बनी वस्तुओं को अपनाना है, ना कि किसी वस्तुओं का बहिष्कार करना।

Next Post

तिरुवनंतपुरम से माले के लिए उड़ान शुरू करेगी इंडिगो

Thu Sep 25 , 2025
नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) यात्री संख्या के लिहाज से देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी इंडिगो अगले महीने केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से मालदीव की राजधानी माले के लिए उड़ान शुरू करेगी। एयरलाइंस ने गुरुवार को बताया कि दोनों शहरों से बीच सीधी दैनिक उड़ान 26 अक्टूबर से […]

You May Like