इंदौर:दवा बाजार में बिना डॉक्टर की पर्ची के गर्भनिरोधक दवा बेचने वाले मेडिकल स्टोर पर संयोगितागंज पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने पहले महिला आरक्षक को ग्राहक बनाकर दुकान पर भेजा, जहां कर्मचारी ने बिना प्रिस्कि्रप्शन दवा उपलब्ध करा दी. पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर दवा और बिक्री की राशि जब्त कर मेडिकल स्टोर संचालक व कर्मचारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
थाना प्रभारी केपी यादव ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दवा बाजार स्थित कार्तिक केमिस्ट पर बिना डॉक्टर के पर्चे के दवाइयां बेची जा रही हैं. सूचना के सत्यापन के लिए महिला आरक्षक को ग्राहक बनाकर दुकान पर भेजा गया. वहां कर्मचारी ने बिना किसी चिकित्सकीय पर्चे के कॉन्ट्राकिट कैडिला की एक स्टि्रप दे दी. महिला आरक्षक का इशारा पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की. औषधि निरीक्षक सारिका अग्रवाल और योगेश गुप्ता की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया. पुलिस ने कर्मचारी धीरेन्द्र सिंह चौहान से दवा की एक स्टि्रप और 700 रुपए नकद जब्त किए. जांच में दुकान संचालक चेतन सिंह चौहान का नाम सामने आया. पुलिस ने बिना डॉक्टर की पर्ची दवा बिक्री को लेकर संचालक और कर्मचारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बिना डॉक्टरी पर्चे के दवा बिक्री नियमों का उल्लंघन
बिना चिकित्सकीय पर्चे के दवाइयों की बिक्री नियमों का उल्लंघन है. शिकायत मिलने पर पहले सत्यापन कराया था, जिसमें बिना पर्ची दवा देना सामने आया. ऐसे मामलों में आमजन की सुरक्षा को देखते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है.
– एसीपी संयोगितागंज, नीति राजेश दंडोतिया
