भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेशवासियों और समस्त गुरुजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि संस्कार, विवेक और जीवन का सही मार्ग भी दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही व्यक्तित्व का निर्माण होता है तथा जीवन सफल और सार्थक बनता है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि गुरुजनों के आशीर्वाद से सभी के जीवन में ज्ञान, सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का प्रकाश बना रहे।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक अन्य पोस्ट में ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के महिला वेटलिफ्टिंग 69 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतने पर हरजिंदर कौर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरजिंदर कौर ने अपनी उपलब्धि से विश्व पटल पर भारत का मान बढ़ाया है। सीएम ने कहा कि यह सफलता उनके परिश्रम, कठोर तप और देश के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
