इंदौर: लंबे समय से रीगल चौराहे पर मस्टर कर्मियों द्वारा विभिन्न मांगो को लेकर धरना आंदोलन किया जा रहा है. आज मस्टर कर्मियों जुलूस के साथ विभिन्न मांगों को लेकर नगरीय प्रशासन मंत्री का घेराव करने उनके घर जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने रेसकोर्स रोड़ चौराहे पर रोक लिया. बताया जा रहा है कि पुलिस ने आन्दोलनकारियों को बताया कि मंत्री इंदौर नहीं है. शहर के रीगल चौराहे पर पिछले कई दिनों से मस्टर कर्मियों द्वारा विभिन्न मांगो को लेकर धरना दिया जा रहा है.
मस्टर कर्मियों द्वारा नगर निगम में नियमित करने ,कुशल और स्थाई करने की मांग की जा रही है. उनका कहना है कि कई निगमकर्मी 35 तक मस्टर पर ही सेवानिवृत्त हो गए. 10 से 15 साल वालों को नियमित किया जाएं. साथ ही स्थाई कर्मचारियों के समान वेतन और भत्ते की सुविधा भी दी जाएं. उपरोक्त मांगों को लेकर आज भारी संख्या में मस्टरकर्मी रीगल चौराहे से नंदा नगर की मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने घर का घेराव करने रवाना हुए थे. पुलिस ने शाम 4 बजे रेसकोर्स रोड़ पर लैंटर्न चौराहे पर मस्टर कर्मियों को रोक लिया. इस दौरान मस्टरकर्मी महिला और पुरुष के हाथों में नियमित करने, सहित विभिन्न मांगो की तख्तियां थी. सरकार और निगम के खिलाफ उदासीन रवैए को लेकर नारेबाजी भी की गई.
रोकने पर शुरू की नारेबाजी
पुलिस ने बेरीकेट्स लगाकर मस्टर कर्मियों के जुलूस को रोक दिया. इसके बाद मौके पर ही नारेबाजी शुरू हो गई. मस्टर कर्मियों को बताया गया कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर नहीं है. इसके बाद धरना आंदोलन करने वाली महिलाएं और पुरुष दोनों वापस नारेबाजी करते हुए रीगल चौराहे की तरफ धरना स्थल की ओर रवाना हो गए.
