
खरगोन। अवैध हथियार तस्करी मामले में मोस्ट वांटेड 55 हजार रुपए का ईनामी गुरुनाम उर्फ हैप्पी जिला पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पुलिस ने गुरुनाम सहित हरपाल सिकलीगर को 8 देशी पिस्टल ओर 3 देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। इनकी कीमत 2 लाख 45 हजार रुपए आंकी गई है। यह हथियार सिगनुर में पेड़ के नीचे जमीन में गाढ़कर छिपाए गए थे।
एसपी रविंद्र वर्मा ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि तीन थानों की पुलिस ने संयुक्त रुप से कार्रवाई करते हुए ईनामी गुरुनाम और हरपाल को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सनावद और भीकनगांव को जोडऩे वाले रास्ते पर ग्राम नलवा पुलिया के पास की गई। आरोपियों की निशानदेही पर अंजनगांव और सिंगनुर के बीच पानी की टंकी के पीछे बबूल के पेड़ के पास पत्थरों के नीचे छिपाए गए हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने 8 देशी पिस्टल और 3 देशी कट्टे बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 45 हजार रुपये है। गुरुनाम को आम्र्स एक्ट मामले में हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और पंजाब पुलिस तलाश रही थी, जबकि जिले के 10 थानों पर भी आम्र्स एक्ट के अपराधिक प्रकरण दर्ज है।
पूर्व में इसी नेटवर्क से जुड़े रजत नामक युवक को भी गिरफ्तार किया गया था, जिससे छह देशी पिस्टल, चार मैगजीन, 10 जिंदा कारतूस और एक स्कॉर्पियो गाड़ी जब्त हुई थी। इस प्रकरण में कुल जब्तशुदा मश्रुका की कीमत लगभग 29 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस दोनों आरोपियों से रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करेगी।
