जबलपुर: माढ़ोताल थाना अंतर्गत पाटनरोड सूखा हनुमान मंदिर के सामने ओवरटेक करने के चक्कर में एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए आगे चल रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार ट्रक में फंसकर करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई। गनीमत यह रही कि कार में सवार शिक्षक और अधिवक्ता साथियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
पुलिस के मुताबिक कटनी के रंगनाथ नगर निवासी रिजवान हसन खान केसीएस गल्र्स हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक है वे अपने कर्मचारी अभिषेक गुप्ता और अधिवक्ता संजय चौदहा के साथ कार क्रमांक एमपी 21 सीए 6072 से सुखसागर मेडिकल कॉलेज, जा रहे थे। जब उनकी कार श्रीराम कृष्ण नेत्रालय के सामने पहुंची, तभी पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक जीजे 23 एडब्ल्यू 2483 ने दाहिने तरफ से ओवरटेक करने का प्रयास किया।
ट्रक चालक ने इतनी लापरवाही से गाड़ी चलाई कि ट्रक का हिस्सा कार के दाहिने हिस्से से टकरा गया। कार ट्रक में फंस गई और सडक़ पर 100 मीटर तक घिसटती रही। इस दुर्घटना में कार के दाहिने तरफ के दोनों दरवाजे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कार में बैठे तीनों लोगों ने इस पूरे भयानक मंजर को अपनी आंखों से देखा। राहत की बात यह रही कि इतनी बड़ी टक्कर के बाद भी कार सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।
