विश्व स्तर पर चमका बालाघाट पुलिस का नशा मुक्ति अभियान

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत बालाघाट पुलिस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। जिले में चलाए गए अभिनव नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान के लिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन ने बालाघाट पुलिस को ‘सर्टिफिकेट ऑफ एक्सीलेंस’ से सम्मानित किया है।

यह सम्मान उस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए प्रदान किया गया, जिसमें बालाघाट जिले के 1,204 विद्यालयों के लगभग 1.25 लाख विद्यार्थियों ने एक साथ एक मिनट का नशा मुक्ति संकल्प लेकर समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। अभियान को व्यापक जनसमर्थन भी मिला और ऑनलाइन संकल्प के माध्यम से पाँच लाख से अधिक नागरिक इससे जुड़े।

यह उपलब्धि सामुदायिक पुलिसिंग की प्रभावशीलता का उदाहरण मानी जा रही है, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, युवाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया।

प्रदेशभर में संचालित इस अभियान के अंतर्गत पुलिस द्वारा विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता रैलियां, शपथ समारोह, संवाद कार्यक्रम, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां तथा विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इससे पहले इंदौर पुलिस कमिश्नरेट, बड़वानी पुलिस और बुरहानपुर पुलिस को भी नशा मुक्ति जागरूकता अभियानों में रिकॉर्ड स्तर की जनभागीदारी के लिए वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन से सम्मान प्राप्त हो चुका है। मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग देकर स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की है।

Next Post

कलेक्ट्रेट में हेलमेट नहीं लगाने वालों पर चालानी कार्रवाई, कई शासकीय सेवकों के कटे चालान

Fri Jul 31 , 2026
सतना: सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान हेलमेट नहीं लगाने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई की जद में कई शासकीय सेवक भी आए, जिनके हेलमेट नहीं पहनने पर चालान काटे गए। जानकारी के अनुसार […]

You May Like