
दमोह। भगवान जगन्नाथ स्वामी 13 दिन बाद अपनी मौसी के घर नीलांचल से वापस लौटकर अपने मंदिर पहुंचे। पुराना थाना पुरेना तालाब स्थित श्री देव जगदीश स्वामी मंदिर में भगवान का मंगल आगमन हुआ।मंगलवार शाम को शोभा नगर में पंडित महेश पांडे जी के निवास से भगवान जगन्नाथ स्वामी की विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने जगन्नाथ स्वामी का पुष्प वर्षा और जयकारों के साथ स्वागत किया।मंदिर समिति ने बताया कि भगवान के दर्शन अब लगभग एक माह बाद से श्रद्धालुओं के लिए नियमित रूप से शुरू हो सकेंगे। भगवान के आगमन पर क्षेत्र में धार्मिक माहौल और भक्तों में विशेष उत्साह देखा गया।
