
सिंगोली। ग्राम धनगाँव बस स्टैंड के पास स्थित तलाई में 3 दिन से घुसे मगरमच्छ को आखिरकार वन विभाग की टीम ने सोमवार को पकड़ लिया। मगरमच्छ के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल था।
जानकारी के अनुसार वनमंडलाधिकारी नीमच श्री एस.के. अटोदे और उपवनमंडलाधिकारी नीमच श्री दशरथ अखण्ड के मार्गदर्शन में, वन परिक्षेत्राधिकारी रतनगढ़ के साथ परिक्षेत्र सहायक सिंगोली व स्टॉफ ने संयुक्त अभियान चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ा।
3 दिन की कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकडक़र शासकीय उडऩ दस्ते की मदद से उसे गांधीसागर चम्बल नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
रेस्क्यू टीम में ये रहे शामिल
इस रेस्क्यू ऑपरेशन में वन परिक्षेत्र अधिकारी रतनगढ़ श्री बापूलाल दायना, वनरक्षक भूपेंद्र बैरागी, सदाशिव धाकड़, सतीश राठौर, सुरक्षा श्रमिक घीसालाल गुर्जर, बाबूलाल धाकड़, वाहन चालक बालकिशन और अन्य ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग रहा।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जलाशयों के पास सतर्क रहें और वन्यजीव दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।
