
सतना।बुधवार को सेवा पखवाडा तथा स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान के शुभारंभ का कार्यक्रम जिले की समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप स्वास्थ्य केन्द्रों) पर आयोजित किया गया। इस मौके पर नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, सांसद गणेश सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार की उपस्थिति में जिला अस्पताल सतना के परिसर में मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन रेडक्रास सोसायटी एवं अन्य संस्थाओं के सहयोग से किया गया। जिसमें महापौर योगेश ताम्रकार, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय और वार्ड पार्षद सूर्यपाल सिंह, अल्पसंख्यक समुदाय के युवा सहित अन्य रक्तदाताओं द्वारा रक्त दान किया गया। राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने रक्त दाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान जीवन का सबसे बडा महादान है। हमारे द्वारा दिये गये रक्त से किसी जरूरत मंद मरीज की जान बचाई जा सकती है। इसलिए हमें रक्तदान अवश्य करना चाहिए। इस मौके पर जिला चिकित्सालय परिसर में विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवायें उपलब्ध कराई गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोठी और नागौद में स्वास्थ्य शिविर आज
कलेक्टर सतना ने कार्ययोजना अनुसार सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। जिनमें हितग्राहियों, मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवायें दी जायेगी। शिविर का नोडल अधिकारी बीएमओ को बनाया गया है। निर्धारित कार्यक्रमानुसार 18 सितंबर को सिविल अस्पताल नागौद और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोठी, 19 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मझगवां और सिविल अस्पताल उचेहरा, 20 सितंबर को सिविल अस्पताल रामपुर और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिरसिंहपुर, 26 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रैगांव और जसो तथा 27 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कोटर में स्वास्थ्य शिविर लगेंगे।
