विषैले भोजन से 1 बेटे की मौत, पति-पत्नी व बेटा गंभीर

सतना : जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अंतर्गत बांध गांव में उस वक्त दलि दहला देने वाली घटना सामने आई जब विष मिला भोजन करने के कारण पूरे परिवार की हालत गंभीर हो गई. मेडिकल कॉलेज रीवा में उपचार के दौरान जहां बड़े बेटे की मौत हो गई वहीं पति पत्नी और छोटे बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस द्वारा की जा रही जांच में प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद का कारण सामने आ रहा है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार बांधा गांव निवासी कुंदन शर्मा अपनी पत्नी ज्योति और दो बेटे आकाश 6 वर्ष और अभिषेक 3 वर्ष के साथ रहते थे. पड़ोसियों के अनुसार सोमवार की शाम लगभग 7 बजे कुंदन के घर से आपसी विवाद की आवाजें जोर जोर से आ रही थीं. जिसके कुछ देर बाद शांति छा गई. यह देख लोगों को लगा कि किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा और फिर शांत हो गया होगा. लेकिन कुछ देर बाद ही कुंदन का छोटा बेटा अभिषेक रोते हुए घर से बाहर निकला. अभिषेक को रोता देख जब पड़ोसियों ने कुंदन के घर में प्रवेश किया तो वहां का दृश्य देख उनके होश उड़ गए.

कुंदन ज्योति और आकाश बेसुध होकर पड़े नजर आए. यह देख उन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए रामपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां पर उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रीवा के लिए रेफर कर दिया गया. मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान बड़े बेटे आकाश ने दम तोड़ दिया. जबकि कुंदन ज्योति और छोटे बेटे अभिषेक की हालत गंभीर बनी हुई है. प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई कि आपसी विवाद के बाद भोजन में विष मिला दिया गया होगा. जिसका सेवन करने से सभी की हालत बिगड़ गई होगी. पुलिस द्वारा सभी कोण को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है.
  इनका कहना है
प्रथम दृष्ट्या जहरीले पदार्थ के सेवन के चलते बड़े बेटे की मौत हो जाने और पति पत्नी व छोटे बेटे की हालत गंभीर होने की घटना सामने आई है. पुलिस द्वारा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विवेचना की जा रही है. जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
प्रेम लाल कुर्वे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतना

Next Post

स्कूटी की टक्कर से मां-बेटी घायल

Wed Mar 11 , 2026
सतना: मैहर जिले के अमरपाटन में एनएच 30 पर मंगलवार को एक तेज रफ्तार स्कूटी ने सड़क पार कर रही महिला और उसकी डेढ़ साल की बच्ची को टक्कर मार दी। इस हादसे में उमरी (रीवा) निवासी 30 वर्षीय कविता कुशवाहा और उनकी बेटी आशी गंभीर घायल हो गईं। वहीं […]

You May Like