
ग्वालियर। गुरु भक्ति और श्रद्धा के पावन पर्व गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कल ग्वालियर शहर के तमाम सिद्धपीठों और मंदिरों में भव्य एवं विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। गुरुपीठों में गुरुपूजन एवं सम्मान के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पर्व को लेकर शहरभर के धार्मिक स्थलों पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस पावन अवसर पर त्यागी नगर स्थित महात्यागी आश्रम, प्राचीन एवं प्रसिद्ध खेड़ापति हनुमान मंदिर, मनसापूर्ण हनुमान मंदिर सहित शहर के अनेक प्रमुख देवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगेगा।
*आश्रमों और मंदिरों में होंगे ये विशेष आयोजन*
गुरु पूजन एवं महाआरती: सुबह तड़के मंदिरों में विशेष श्रृंगार, अभिषेक और गुरु पूजन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। भजन-कीर्तन व हरिचर्चा: शहर के धार्मिक स्थलों पर साधु-संतों के सत्संग, गुरु वंदना और संगीतमय भजन-कीर्तन का आयोजन होगा। भंडारा व प्रसाद वितरण: पूजा-अर्चना के उपरांत विभिन्न मंदिरों में महाप्रसाद एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
गुरु पूर्णिमा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। भक्त अपने-अपने गुरुओं के दर्शन, पूजन और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए दूर-दूर से आश्रमों और मंदिरों में पहुंचेंगे। शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित दर्शन के लिए मंदिर कमेटियों द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं।
*त्यागी बाबा आश्रम पर गुरु पूजन और भंडारा*
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर महा त्यागी बाबा आश्रम पर महंत पीठाधीश्वर घनश्याम दास महाराज के भक्तजन अपने गुरु महाराज का पूजन आरती कर दान दक्षिण कर गुरु मंत्र लेंगे। देश भर के महा त्यागी परंपरा को मानने वाले भक्तजन इस अवसर पर शिरकत करेंगे। आश्रम में सभी भक्तजनों के लिए भंडारा प्रसादी की व्यवस्था भी की गई है। इस अवसर पर त्यागी बाबा आश्रम को विशेष तौर पर सजाया गया है।
*महामाया शक्ति पीठ पर जुटेंगे भक्त*
इसी क्रम में महामाया शक्ति पीठ, गालवधाम (चिटनिस की गोठ) पर गुरु पूजन के कार्यक्रम दिनभर चलेंगे। विशेष गुरुपूजन का आयोजन सायं 4 बजे से किया जाएगा। इस दौरान पीठाधीश्वर महर्षि बालकृष्ण महाराज अपने शिष्यों, श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों के बीच उपस्थित रहकर उन्हें आशीर्वाद देंगे। पीठ से जुड़े धर्मप्रेमियों ने बताया कि गुरुपूर्णिमा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। अंचल व आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से भक्त ग्वालियर पहुँचेंगे और पीठाधीश्वर महर्षि बालकृष्ण महाराज का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। गुरुपूजन के उपरांत महाराज द्वारा सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
