भोपाल: राजधानी के रेल नेटवर्क में मंगलवार से एक महत्वपूर्ण बदलाव लागू हो रहा है। लंबे समय से तैयार होने के बावजूद यात्री सेवाओं की प्रतीक्षा कर रहे निशातपुरा रेलवे स्टेशन से अब नियमित रेल संचालन की शुरुआत होगी। इसके साथ ही मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का निर्धारित ठहराव इसी स्टेशन पर रहेगा।
भोपाल रेल मंडल के अनुसार शुरुआती चरण में इन दोनों ट्रेनों को निशातपुरा स्टेशन पर रोका जाएगा।
इसके बाद इनका ठहराव भोपाल जंक्शन से समाप्त कर दिया जाएगा। इससे निशातपुरा क्षेत्र और आसपास के यात्रियों को सीधे रेल सुविधा का लाभ मिलेगा तथा मुख्य स्टेशन पर यात्रियों का दबाव भी कम होने की उम्मीद है।निशातपुरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण आज मंगलवार शाम 4:30 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। स्टेशन के शुरू होने के साथ ही यह भोपाल का चौथा सक्रिय रेलवे स्टेशन बन जाएगा। उल्लेखनीय है कि जून 2023 में निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद विभिन्न कारणों से यहां नियमित यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था। अब सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद स्टेशन को आम यात्रियों के लिए खोल दिया गया है।
