
इंदौर/महेश्वर. महेश्वर के सहस्त्रधारा घाट पर नर्मदा की तेज धारा में बह गए इंदौर के 30 वर्षीय युवक अर्पित हाड़ा का शव सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे रेस्क्यू टीम ने बरामद कर लिया. नवभारत प्रतिनिधि से बातचीत में अर्पित के पिता अमर सिंह हाड़ा ने शव मिलने की पुष्टि की है.
निपानिया निवासी अर्पित हाड़ा रविवार को पत्नी, तीन वर्षीय बेटे और परिजनों के साथ महेश्वर घूमने गए थे. सहस्त्रधारा घाट पर नर्मदा में स्नान के दौरान उनका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गए थे. पत्नी और भाई ने उन्हें बचाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन कुछ ही सेकेंड में वह गहरे पानी में ओझल हो गए थे. हादसे के बाद महेश्वर पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने तलाश शुरू की थी. रविवार शाम से चल रहा सर्च ऑपरेशन सोमवार को भी जारी रहा. करीब 24 घंटे बाद शाम साढ़े चार बजे रेस्क्यू टीम को सफलता मिली और नदी से अर्पित का शव बरामद किया. अमर सिंह हाड़ा ने बताया कि बेटा का पार्थिव शरीर मिल गया है. अभी कानूनी खाना पूर्ति की जा रही है.
