बुधनी। नगर सहित आसपास के इलाकों में अवैध रूप से चल रहे क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग की सख़्ती जारी है. इसी क्रम में सीबीएमओ डी. बड़ोदिया के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्राम बायां में एक अवैध संचालित क्लीनिक पर छापामार कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में दवाइयां, मेडिकल उपकरण और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए.
जानकारी के अनुसार लंबे समय से क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर बिना अनुमति के क्लीनिक चलाकर ग्रामीणों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे थे. इसकी लगातार शिकायतें स्वास्थ्य विभाग तक पहुंच रही थीं. जिस पर सीएमएचओ डॉ. सुधीर डेहरिया ने सभी अवैध दवाखानों पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए थे. बुधनी सीबीएमओ डी. बड़ोदिया को बायां स्थित एक संदिग्ध क्लीनिक की सूचना मिली. जिसके बाद उन्होंने एसडीएम डीएस तोमर को मामले से अवगत कराया. एसडीएम के निर्देशन पर संयुक्त टीम गठित कर मौके पर बड़ी कार्रवाई की गई. कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से अनेक दवाईयां उपकरण और अन्य सामग्री जब्त की. इस कार्रवाई से क्षेत्र के झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया है. सीबीएमओ डी. बड़ोदिया ने बताया कि संबंधित व्यक्ति को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है तथा आगे भी ऐसे दवाखानों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी नवभारत से चर्चा में सीबीएमओ डी. बड़ोदिया ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में अवैध संचालित दवाखानों पर अभियान चलाया जा रहा है. बायां स्थित पवन क्लीनिक से अवैध दवाइयां मिलने पर उसे सील करने की कार्रवाई की गई है.
