इंदौर: शहर के पश्चिम क्षेत्र में रणजीत हनुमान के पीछे स्थित संस्था की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की. प्रशासन को जानकारी लगते ही एसडीएम ने मौके पर से जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टर ट्राली को जब्त किया और काम रुकवाने की कार्रवाई की.रणजीत हनुमान के पीछे स्कीम 71 के आखरी में बड़ी खुली जमीन है. उक्त जमीन हरियाणा गृह निर्माण सहकारी सोसाइटी की है. करीब 17.60 एकड़ जमीन की कीमत 250 करोड़ रुपए बताई जा रही है.
ऐसा बताया जा रहा है कि हरियाणा गृह निर्माण सोसायटी सुप्रीम कोर्ट से जमीन का केस जीत चुकी है. फिलहाल देवी अहिल्या ट्रस्ट और सोसायटी के बीच मामला कोर्ट में विचाराधीन है. उक्त जमीन पर मन्नूलाल शुक्ला चौकीदार होना बताया जा रहा है, जिसका कोर्ट में विचाराधीन प्रकरण में भी जमीन के चौकीदार के रूप में उल्लेख है. चौकीदार शुक्ला के तरफ से ही उक्त जमीन पर लगे पेड़ों की कटाई और जमीन समतलीकरण का कार्य किया जा रहा था.
एसडीएम ने काम रूकवाया
मौके पर 10 जेसीबी मशीनों से समतल करने के एवज कब्जा करने की कोशिश की गई. उक्त मामले में ट्रस्ट द्वारा प्रशासन को अवगत कराया गया. प्रशासन की ओर से एसडीएम मल्हारगंज निधि वर्मा ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवाया. साथ ही बिना अनुमति के जमीन पर कब्जे की कोशिश के चलते 10 जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर ट्राली मौके पर जब्त करने की करवाई की गई. उक्त मामले में एसडीएम निधि वर्मा को कई बार कॉल किए, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया.
