
जबलपुर। चरगवां थाना अंतर्गत सोमती नदी पुल की रैलिंग को तोडक़र कल स्कार्पियो अनियंत्रित होकर 35 फिट नीचे गिर गई थी हादसे में चार लोगों की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। चारों शवों को मेडिकल की मर्चुरी में रखा गया था, मृतकों का आज पोस्टमार्टम हुआ जिसके बाद उनके शवों को परिजनोंं के सुपुर्द किया गया। जैसे ही शव मृतकों के घर में पहुंचे तो चीख पुकार मच गई। अपनो की लाशें देख फूट -फूटकर रोए। उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। अर्थियां उठी तो वहां मौजूद हर आंख नम हो गई।
विदित हो कि चौकीताल भेड़ाघाट निवासी पटेल समाज के आधा दर्जन लोग स्कार्पियो क्रमांक एमपी 20 बीए 6954 से नरसिंहपुर दददाघाट गए हुए थे जहां से सभी वापिस जबलपुर लौट रहे थे। सोमती नदी पुल पहुंचे तभी स्कार्पियों अनियंत्रित होकर रेलिंग तोडक़र पुल से नीचे गिर गई थी। हादसे में किशन पटेल पिता गुलजारी लाल पटेल 35 वर्षीय, महेंद्र पटेल पिता तीरथ पटेल 35 वर्षीय, सागर पटेल पिता राजेश पटेल 17 वर्षीय, राजेंद्र पटेल पिता नारायण पटेल 36 वर्षीय सभी निवासी चौकीताल की मौत हो गई। जबकि जितेंद्र पटेल पिता नारायण प्रसाद पटेल, मनोज पटेल पिता गोविंद पटेल 37 वर्ष दोनों निवासी चौकीताल घायल है। स्कार्पियो में बकरा भी सवार था जो पीछे बैठा था। जिसे खरोंच तक नहीं आई है।
