सिंगरौली (देवसर): विकासखंड देवसर के ग्राम पंचायत कारी अंतर्गत ग्राम केरवा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत निर्माणाधीन सड़क का कार्य पिछले दो माह से पूरी तरह बंद पड़ा है। अधूरी सड़क और बारिश के कारण बने कीचड़ व दलदल ने ग्रामीणों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। छह माह पहले टेंडर होने के बावजूद निर्माण कार्य 30 प्रतिशत भी पूरा नहीं हो सका है, जिससे कार्य की प्रगति पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क खोदकर छोड़ दिए जाने से करीब 80 से 100 आदिवासी परिवारों का मुख्य मार्ग से संपर्क प्रभावित हो गया है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और दिव्यांगजनों को रोजाना जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सीएम हेल्पलाइन 181 पर शिकायत के बाद ठेकेदार ने जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन देकर शिकायत बंद करा दी, लेकिन आज तक निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं हुआ।
समाजसेवी नीलेश द्विवेदी एवं ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए सड़क निर्माण शीघ्र शुरू कराने तथा तब तक आवागमन सुचारु रखने के लिए मार्ग का मुरमीकरण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ही उन्हें इस गंभीर समस्या से राहत दिला सकती है।
