भोपाल:राजधानी के मंगलवारा बाजार में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने आज तड़के मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए छापामार कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देश पर बाजार खुलते ही शुरू हुई इस कार्रवाई में दो प्रतिष्ठानों से बड़ी मात्रा में संदिग्ध घी और पनीर जब्त किया गया। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और मिलावटखोरों पर प्रभावी कार्रवाई करना है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने आनंद मावा भंडार और महाकाल मावा भंडार का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों दुकानों से घी, पनीर और मावा के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जांच के लिए लिए गए। मिलावट की आशंका के आधार पर करीब 89 किलोग्राम घी (अनुमानित मूल्य 53,400) और 171 किलोग्राम पनीर (अनुमानित मूल्य 42,750) जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।
अधिकारियों के अनुसार, जब्त खाद्य पदार्थों के नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव, अरुणेश पटेल, जे.पी. लववंशी, जे.पी. विश्वकर्मा और शर्मिला की टीम ने यह कार्रवाई की। विभाग ने बताया कि मंगलवार बाजार के अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच जारी है और जिलेभर में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
