इंदौर: राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. प्रारंभिक जांच में युवक की ट्रेन से टकराकर मौत होना सामने आया है. जीआरपी ने मर्ग कायम कर उसकी पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं. स्टेशन अधीक्षक इंदौर की सूचना पर पुलिस खंभा नंबर 500/21-23 के बीच, राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची.
यहां करीब 25 वर्षीय अज्ञात युवक का शव ट्रैक किनारे मिला. मौके पर जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया है. आसपास के लोगों को फोटो दिखाकर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी. पुलिस मृतक के परिजनों की तलाश कर रही है.
