
उज्जैन। निर्माण नशामुक्ति केन्द्र रिहेब सेंटर में दो दिन पहले भर्ती हुए युवक की रात में अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे चरक अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया है।
राजगढ़ के सारंगपुर का रहने वाला देवेन्द्र पिता विष्णु शर्मा 37 वर्ष नशे का आदी था। दो दिन पहले परिजन उसे वेदनगर स्थित निर्माण नशामुक्ति केन्द्र लेकर आए थे। जहां नशामुक्ति के लिए उसे भर्ती किया गया था। लेकिन रात में अचानक देवेन्द्र की तबीयत बिगड़ गई। रिहेब संचालक अस्पताल लेकर पहुंचा जहां चरक भवन में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आज सुबह परिजनों ने बताया कि देवेन्द्र कम्प्यूटर सुधारने का काम करता था। उसके दो बच्चे हैं। नशे की आदत के चलते पत्नी उसे छोडक़र चली गई थी। नशे से दूर रखने के लिए उसे पूर्व में भी दो बार निर्माण नशामुक्ति केन्द्र में भर्ती कराया जा चुका था। मामले में पुलिस द्वारा मर्ग कायम किया गया है।
