सीहोर। विधायक सुदेश राय ने कारगिल विजय दिवस पर अहम घोषणा की है. शहीद स्मारक परिसर में एक करोड़ रुपए से आधुनिक सुविधायुक्त लाइब्रेरी बनाई जाएगी.राय ने संगीत सीखने वाले विद्यार्थियों के लिए सर्वसुविधा युक्त कम्युनिटी हॉल निर्माण करने की बात कही है जहां पर राष्ट्रीय और संगीत से जुड़े शास्त्रीय कार्यक्रम सरलता से संपन्न होंगे.
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा शहीद स्मारक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक सुदेश राय और भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कारगिल युद्ध को याद करते हुए शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीदों की स्मृति में पौधारोपण किया. कार्यक्रम में भारतीय सेना से सेवानिवृत सैनिकों का सम्मान किया.
विधायक राय ने कहा कि हाईवे पर हादसे हो रहे हैं. वहां मॉर्निंग वॉक करना खतरनाक है. ऐसे में शहीद स्मारक स्थल परिसर पहुंचकर सुरक्षित मॉर्निंग वॉक किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सैनिक कभी सेवानिवृत्ति भूतपूर्व नहीं होता है वह हमेशा अनुशासन के साथ समाज में रहकर सुरक्षा प्रदान करता है ऐसे सैनिकों को नमन है. इस मौके पर भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. गगन नामदेव, पूर्व सैनिक एवं नागरिक उपस्थित थे.
