बुधनी। सोशल मीडिया पर जल्दी मशहूर होने और लाइक्स-व्यूज पाने की होड़ युवाओं को लगातार खतरनाक स्टंट करने के लिए प्रेरित कर रही है. बुधनी से भी एक चिंताजनक मामला सामने आया है.
विंध्याचल पर्वत पर विराजमान बाबा मृगननाथ की पहाड़ी पर एक युवक का जान जोखिम में डालकर बाइक से स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो नर्मदापुरम सिटी नामक सोशल मीडिया पेज पर साझा किया गया है. वीडियो में युवक बाइक लेकर पहाड़ी के बिल्कुल मुहाने तक पहुंच जाता है और वहीं खड़े होकर रील बनवाता दिखाई देता है. लोगों के अनुसार जिस स्थान पर यह स्टंट किया गया, उसके ठीक नीचे गहरी खाई है. ऐसे में जरा-सी चूक या बाइक का संतुलन बिगडऩे पर बड़ा हादसा हो सकता था. यह स्टंट न केवल युवक के लिए जानलेवा साबित हो सकता था, बल्कि वहां मौजूद अन्य पर्यटकों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता था.
गौरतलब है कि बारिश के मौसम में बुधनी की मृगननाथ पहाड़ी और आसपास का प्राकृतिक सौंदर्य देखने के लिए स्थानीय एवं बाहरी क्षेत्रों से पर्यटक पहुंचते हैं. ऐसे में इस तरह के खतरनाक स्टंट दुर्घटनाओं को बढ़ा देते हैं. यह क्षेत्र वन परिक्षेत्र बुधनी में आता है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वायरल वीडियो कब का है और किस तारीख को बनाया गया था.
