पिकअप ने बाइक को कुचला, बुजुर्ग महिला की मौत, दो घायल

जबलपुर: सिहोरा थाना अंतर्गत ग्राम दिनारी खमरिया के पास रविवार दोपहर एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए, जिन्हें कुचलते हुए पिकअप आगे निकल गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सलैया कुआं की निवासी कुसुम बाई यादव (70) अपने रिश्तेदारों विनीत यादव (23) और नीरज यादव (22) के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर सिहोरा जा रही थीं। तीनों अपनी रिश्तेदारी में मिलने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल ग्राम दिनारी खमरिया से थोड़ा आगे बढ़ी, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 20 जीबी 5647 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें सीधी टक्कर मार दी। पिकअप की टक्कर लगते ही तीनों बाइक सहित सामने की ओर गिरे। अनियंत्रित पिकअप उन्हें कुचलते हुए निकल गई, जिससे गंभीर चोटें आने के कारण कुसुमबाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में विनीत और नीरज को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुचलते हुए निकली पिकअप, सड़क किनारे पलटी
बाइक सवारों को रौंदने के बाद पिकअप वाहन भी अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार होने के कारण सड़क किनारे जाकर पलट गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पिकअप वाहन को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Next Post

प्लाट के नाम पर रिटायर्ड बुजुर्ग से 8 लाख की ठगी, एफआईआर दर्ज

Mon Jul 27 , 2026
जबलपुर: बरेला थाना अंतर्गत गुरैया एकता मार्केट के पास जालसाजों ने प्लाट दिलाने के नाम पर खम्हरिया फैक्ट्री से रिटायर्ड बुजुर्ग को झांसे में लेकर 8 लाख की मोटी रकम ऐंठ ली और रजिस्ट्री कराए बिना अपना दफ्तर बंद कर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एचएफ […]

You May Like