
सीधी । ग्राम पंचायत क्षेत्र अमरपुर में काम न होने के कारण सचिव के विरोध में पंचायत भवन में आज सोमवार से सरपंच का अनशन शुरू होगा। जनहित में सरपंच का यह आमरण अनशन किया जा रहा है।
जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम पंचायत अमरपुर के सरपंच बीरेन्द्र त्रिपाठी द्वारा जिला पंचायत सीधी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को 20 जुलाई 2026 को लिखित में सूचना दी गई थी। लिखित सूचना में कहा गया था कि सचिव ग्राम पंचायत अमरपुर नीरज मिश्रा करीब 7 वर्षों से अमरपुर पंचायत में पदस्थ हैं। इनकी कार्यप्रणाली बेहद निराशाजनक है। इनको हटाये जाने हेतु ग्राम पंचायत सरपंच द्वारा कई बार आवेदन दिया गया पर आज दिनांक तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। सचिव न तो पंचायत के कार्यों में कोई रूचि रखते हैं न हितग्राहीमूलक कार्यों में। लोग काफी परेशान हैं। आवेदन पत्र जमा दिनांक से सातवें दिन ग्रामीणजनों के साथ भूख हड़ताल, आमरण अनशन पंचायत भवन प्रांगण में करने को बाध्य होंगे।
००
अनशन की सीईओ सहित एसडीएम और थाने को दी सूचना
अनशन की सीईओ सहित एसडीएम और चुरहट थाने को सूचना दी गई है। जिला पंचायत सीईओ को लिखित में 20 जुलाई 2026 को आमरण अनशन किये जाने की सूचना देने के साथ ही प्रतिलिपि कलेक्टर सीधी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व चुरहट, थाना प्रभारी चुरहट, विधायक चुरहट को भी भेजी गई है।
००
इनका कहना है
ग्राम पंचायत क्षेत्र अमरपुर के सरपंच के आमरण अनशन की सूचना मुझे नहीं मिली है। सरपंच को आमरण अनशन करने से पूर्व जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के सीईओ से चर्चा करनी चाहिए थी।
अजय शर्मा, एसडीएम चुरहट
